शिक्षिका पति ने विद्यालय में प्राचार्या से की मारपीट
संवाद सहयोगी, जागरण वोचहांः प्रखंड के उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय लोहसरी में बुधवार को एक शिक्षिका के पति ने स्कूल में घुसकर महिला प्राचार्य के साथ मारपीट की। इसके बाद प्राचार्या ने मामले की थाने में शिकायत की। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। प्राचार्या ने पुलिस को बताया है कि बुधवार को अपने विद्यालय में काम कर रही थी। तभी विद्यालय में पदस्थापित एक शिक्षिका के पति स्कूल में पहुंचे और जातिसूचक शब्द का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। अन्य शिक्षकों के बीच बचाव से जान बच सकी। प्राचार्या ने बताया कि वह कैंसर पीड़िता है। उसका इलाज चल रहा है। हाल में उनकी सर्जरी हुई है। इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई।
