प्रधानाध्यापक सहित दो शिक्षकों को बीएसए ने किया निलंबित
प्रधानाध्यापक सहित दो शिक्षकों को बीएसए ने किया निलंबित
लखीमपुर। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम मिलने, बिना सूचना के अनुपस्थित रहने, बच्चों को किताबें न बांटने सहित अन्य अनियमितताओं में बीएसए ने धौरहरा ब्लॉक के एक प्रधानाध्यापक सहित दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। साथ ही चार शिक्षकों को नोटिस जारी करते हुए उनका वेतन रोका गया है। यह कार्रवाई बीएसए ने स्कूलों के निरीक्षण के बाद की है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि उन्होंने धौरहरा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय बेहननपुरवा द्वितीय का निरीक्षण किया। यहां 105 के सापेक्ष मात्र 39 बच्चे उपस्थित मिले। इंचार्ज प्रधानाध्यापक अबरार अहमद बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। विद्यालय का भौतिक परिवेश भी ठीक नहीं मिला।
छात्र नामांकन में रुचि न लेने, पदीय दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन न करने की, शासकीय आदेशों निर्देशों की अवहेलना सहित अन्य आरोपों में इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। सहायक शिक्षक दुर्गा प्रसाद और महेन्द्र सिंह का वेतन रोका गया है। इसके अलावा संविलियन विद्यालय जुगनूपुर के निरीक्षण में सहायक शिक्षक संतोष कुमार बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। उनको भी पदीय दायित्व का निष्ठा पूर्व निर्वहन न करने सहित अन्य आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इसी तरह प्राथमिक स्कूल बबुरी के निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलने पर सहायक शिक्षक रामस्वरूप और वीर सिंह का वेतन रोका गया है। बीएसए ने बताया कि स्कूलों का निरीक्षण लगातार चल रहा है। शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचे और शिक्षण कार्य करें। अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
