पटना के डीईओ निलंबित किए गए
पटना। शिक्षा विभाग ने पटना के जिला शिक्षा अधिकारी संजय कुमार को निलंबित कर दिया है। मोतिहारी में डीईओ रहने के दौरान उनपर गड़बड़ी करने के आरोप लगे थे।
पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने जांच में आरोपों को सही ठहराया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय आरडीडीई कार्यालय मुजफ्फरपुर होगा। विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार पूर्वी
चंपारण के डीईओ रहते हुए संजय कुमार ने खराब गुणवत्ता के बेंच डेस्क की खरीद कराई। निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई। अभिलेखों का सही तरीके से संधारण नहीं किया गया। स्कूलों की मरम्मत कार्य का प्राक्कलन नहीं पाया गया। बिना हस्ताक्षर के ही कई कार्य कराए गए और लापरवाही बरती गई। डीडीसी एसएस पांडेय की रिपोर्ट पर शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की।
