भागलपुर, वरीय संवाददाता। आखिरकार छात्रों की जन्मतिथि में छेड़छाड़ कर उम्र घटाने के मामले का खुलासा हो गया है। उम्र में छेड़छाड़ कर प्रधानाध्यापक मनमर्जी से अपने चिर-परिचितों तथा सगे-संबंधियों के बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय व अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यालयों में नामांकन दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।
दरअसल, नारायणपुर के नगरपारा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में नामांकन के लिए पीरपैंती प्रखंड के एक प्राथमिक विद्यालय के छात्र का स्थानांतरण प्रमाण पत्र जेएनवी पहुंचा। इस दौरान जब प्रमाण पत्र की बारीकी से जांच की गई तो उसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा का फर्जी हस्ताक्षर पाया गया। इसके बाद जेएनवी के प्रधानाध्यापक रोशन लाल कंबोज ने इसकी सूचना पत्र के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी। साथ ही संबंधित छात्र का नामांकन फिलहाल रोक दिया गया है। पीरपैंती प्रखंड का है प्राथमिक विद्यालयः जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाध्यापक रोशनलाल कंबोज ने बताया कि पीरपैंती प्रखंड के स्कूल से छात्र नामांकन के लिए पहुंचा था। उसके स्कूल स्थानांतरण प्रमाण पत्र में जिला शिक्षा पदाधिकारी का हस्ताक्षर था।
