शिक्षा विभाग के प्राथमिक शिक्षा निदेशक द्वारा बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित और काउंसेलिंग में सफल पाये गये तीसरे चरण के विद्यालय अध्यापकों के योगदान के संबंध में विस्तृत निदेश सभी जिलों को जारी किया गया है। जिसके अंतर्गत विभिन्न कोटि के 1315 विद्यालय अध्यापक योगदान देंगे। इनमें कक्षा 1 से 5 के 362 शिक्षक, कक्षा 9 से 10 के 314 शिक्षक, कक्षा 6 से 8 के 358 तथा कक्षा 11-12 के 281 विद्यालय
अध्यापक शामिल हैं। गोपालगंज सहित अन्य जिलों को जारी किये गये निर्देश में प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने कहा है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा तीसरे चरण की विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा में सफल पाये गये अभ्यार्थियों को विद्यालय आवंटन का मैसेज भेजा जा चुका है। ऐसे अभ्यर्थियों का योगदान 15 मई से 31 मई तक कराया जायेगा। इसके लिए 10 मई से सभी जिलों में शिक्षकों का विद्यालय पदस्थापन पत्र और योगदान प्रपत्र प्रिंट किया जायेगा। वैसे शिक्षक जिनका पूर्व में औपबंधिक नियुक्ति पत्र निर्गत नहीं
हुआ है, उनके लिए भी 10 मई से औपबंधिक नियुक्ति पत्र, विद्यालय पदस्थापन पत्र और योगदान प्रपत्र प्रिंट किया जायेगा और संबंधित शिक्षकों को यह सभी प्रपत्र उपलब्ध कराये जायेंगे। सभी विद्यालय अध्यापक 15 मई से 31 मई के बीच में आवंटित विद्यालय में अपना योगदान देंगे और विद्यालय में योगदान की तिथि से उनका वेतन देय होगा। इसके बाद विभागीय पोर्टल पर सभी विद्यालय अध्यापकों का तकनीकी योगदान भी कराया जायेगा और इनका प्रान नंबर जनरेट करने का भी निर्देश इसी पत्र में जारी कर दिया गया है।
