पटना, हिब्यू। बिहार लोक सेवा
आयोग से चयनित प्रधान शिक्षकों और तीसरे चरण के शिक्षकों को पदास्थापित करने की तैयारी शिक्षा विभागद्वारा जोर शोर से चल रही है। विभाग ने तय किया है कि वह सबसे पहले प्रधान शिक्षकों को विद्यालयों में पदस्थापित करेगा।
तीसरे चरण की नियुक्ति में बहाल शिक्षकों को पदास्थापित किया जाएगा। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल के बाद प्रधान शिक्षकों को विद्यालय आवंटन की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। विभाग ने 32 हजार 688 प्रधान शिक्षकों को उनके द्वारा दिये गये विकल्प के आधार पर जिला आवंटित किया है। इनसे अब प्रखंडों का विकल्प ऑनलाइन मांगा गया है। इसके लिए 12 अप्रैल तक का समय है। विभाग के पदाधिकारी बताते हैं कि प्रधान शिक्षक
के रूप में चयनित सभी नियोजित शिक्षक हैं। किसी-न-किसी विद्यालय में अपनी सेवा दे रहे हैं। यही कारण है कि इनका पदस्थापन पहले किया जा रहा है। प्रधान शिक्षक के रूप में इनके पदस्थापन के साथ ही प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के इतने पद रिक्त हो जाएंगे। ऐसे पदों को रिक्त मानकर वहां भी बीपीएससी से चयनित नये शिक्षकों को पदस्थापित किया जा सकता है। पदाधिकारी यह भी बताते हैं कि कोशिश की जा रही है कि इस माह में प्रधान शिक्षक और शिक्षक दोनों का पदस्थापन कर दिया जाये। राज्य में करीब 37 हजार प्राथमिक विद्यालय हैं, जहां प्रधान शिक्षकों को पदस्थापित करना है।
