पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। कांग्रेस नेता सह एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने गुरुवार को दावा किया कि बिहार से पयालन बढ़ा है। लोग रोजी-रोजगार के लिए पलायन को मजबूर हैं। बिहार में शिक्षकों के दो लाख से अधिक पद रिक्त हैं। राज्य में महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध भी बढ़े हैं।
कन्हैया ने गुरुवार की दोपहर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में ये सभी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 26 दिनों में पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों में पहुंची। शुक्रवार को यात्रा के अंतिम दिन कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी इसमें शामिल होंगे। विभिन्न जिलों में प्राप्त लोगों की समस्याओं की सूची मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। गृहमंत्री अमित शाह ने अपने पुत्र को आईसीसी का चेयरमैन बना दिया। क्या 2005 तक की सरकार में बिहार की स्थिति अच्छी थी ? इस सवाल पर कन्हैया ने कहा कि पहले क्या था, यह कहने से काम नहीं चलेगा। रोजगार का संकट और गरीबी दूर की जानी चाहिए। तेजस्वी यादव को यात्रा का न्योता देने के सवाल पर कन्हैया ने कहा कि राहुल गांधी को भी आमंत्रण नहीं दिया गया था। बिहार की मूल समस्या के खिलाफ जो इसमें शामिल होना चाहें, उनका स्वागत है।
