मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार के निर्देश पर बिहार विधान सभा चुनाव के सफल संचालन के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम मुकुल कुमार गुप्ता ने विभिन्न कोषांगों का गठन किया है। कोषांग में वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी, सहायक पदाधिकारी एवं कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति किया गया है। डीएम ने संबंधित कोषांग के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग नयी दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार की वेबसाइट पर प्रदर्शित कोषांग से संबंधित निर्देश से पूर्णतः अवगत होने को कहा है। डीएम ने आदेश दिया है कि पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने कोषांग के दायित्व का
निर्वहन समय से नियमानुसार करें। जिला निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधान सभा आम निर्वाचन को सुचारु रूप से संचालन के लिए जिला स्तर पर कार्मिक प्रबंधन कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, इवीएम कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग एवं स्वीप कोषांग का गठन किया गया है। साथ ही कोषांग में वरीय पदाधिकारी व नोडल पदाधिकारी तथा अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। ये सभी
पदाधिकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के आलोक में आवश्यक कार्रवाई करेंगे, ताकि कोषांग के प्रबंधन-संचालन में कोई कठिनाई नहीं हो एवं ससमय कार्यों का त्वरित संपादन आयोग के निर्देश के अनुसार पूर्ण हो सके। जानकारी के अनुसार अपर समाहर्ता नवनील कुमार को कार्मिक प्रबंधन कोषांग की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं स्थापना उपसमाहर्ता रेयाज अहमद खान को नोडल पदाधिकारी तथा डीएओ राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार, समग्र शिक्षा के एडीपीसी शाहिद मोबीन, जिला गव्य विकास पदाधिकारी शशि शेखर, आइटी प्रबंधक कृष्ण मोहन तिवारी को सहयोगी पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है।
