जागरण संवाददाता, पटना: शिक्षा
विभाग में बनाए शिकायत कोषांग में शिक्षक और अभिभावक स्कूलों से जुड़े समस्याओं से संबंधित शिकायत तो कर ही रहे हैं, इसमें बच्चे भी पीछे नहीं हैं। शिक्षा विभाग ने आम लोगों को समस्या से जुड़ी शिकायत दर्ज करने के लिए पोर्टल और टोल फ्री नंबर 14417, 18003454417 जारी किया है। इस नंबर पर शिक्षक व अभिभावक से अधिक बच्चे शिकायत कर रहे हैं।
जिला शिक्षा कार्यालय को मिली शिकायत के अनुसार पटना जिला स्थित एसडीडीएस हाई स्कूल, अथमलगोला के प्रधानाध्यापक पर किसी ने आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापक प्रतिदिन स्कूल नहीं आते हैं, आते भी है तो जल्दी चले जाते हैं, आकर महीने भर
की हाजिरी खुद से फर्जी दर्ज कर लेते हैं। इसमें स्कूल के कुछ शिक्षक भी सहयोग करते हैं। इसी तरह प्राथमिक स्कूल, हीरा टोला, मनेर के अभिभावकों ने शिकायत
की कि स्कूल में बच्चे कम आते हैं और हाजिरी ज्यादा बनाई जा रही है, इसकी जांच की जाए। गवर्नमेंट बेसिक स्कूल, उसफा, फतुहा के बच्चों ने शिकायत किया कि इस विद्यालय में कक्षा एक से तीन के किसी भी क्लास रूम में बेंच डेस्क नहीं है, इसकी जांच हो। इसी स्कूल के बच्चों की यह शिकायत है कि यहां मेनू के अनुसार बच्चों को खाना नहीं दिया जाता है, गुणवत्ता भी अच्छी नहीं रहती। कन्या मध्य विद्यालय, शालीमपुर आहारा, पटना सदर अरबन के बारे में अभिभावकों ने शिकायत की कि इस स्कूल में
अभिभावक-शिक्षक बैठक नहीं होती, जब पूछा जाता है तो सही जवाब नहीं दिया जाता है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बाकापुर, पुनपुन के प्रधानाध्यापक पर शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापक द्वारा एमडीएम प्रपत्र पर शिक्षक से हस्ताक्षर नहीं कराया जाता है और बच्चों की उपस्थिति फर्जी तरीके से दर्ज किया जाता है। जिला शिक्षा कार्यालय को इस तरह की सैकड़ों शिकायतें मिली है। जिसमें अधिकांश प्रधानाध्यापक व स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
