मृत और सेवानिवृत्त शिक्षकों से मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी भी

 पूर्वी चंपारण जिले में शिक्षा विभाग के अधिकारी अजीबोगरीब फरमान जारी कर सुर्खियों में आ गए हैं। एक वर्ष पूर्व मर चुके तथा सेवानिवृत्त शिक्षक से अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीईओ ने ई-शिक्षा कोष ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर इन सभी से 24 घंटे में जवाब मांगा है। जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। मामला अरेराज प्रखंड के यूएमएस गोविंदगंज गर्ल्स स्कूल का है। डीईओ के पत्र में शिक्षिका उर्मिला कुमारी का नाम दर्ज है। उर्मिला कुमारी की मृत्यु लगभग एक वर्ष पूर्व हो चुकी है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय गैबन्धी के शिक्षक श्रीधर कुमार झा का भी अनुपस्थित लोगों में नाम है। श्रीधर कुमार झा की मृत्यु दो महीने पहले हो चुकी है। डीईओ ने 3 अप्रैल को ई-शिक्षा कोष ऐप पर शिक्षकों की उपस्थिति की जांच कराई थी। जांच में 969 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। 265 शिक्षकों ने बिना अनुमति के मार्क ऑन ड्यूटी किया। 5764 शिक्षकों ने उपस्थिति दर्ज की, लेकिन मार्क आउट नहीं किया। इन सभी से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा गया है। सोशल मीडिया पर डीईओ का पत्र वायरल है।



डाटा अपडेट नहीं होने के कारण ऐसी गलती हुई


इस बड़ी लापरवाही के संबंध में डीपीओ स्थापना साहेब आलम से बात करने पर उन्होंने बताया कि डाटा अपडेट नहीं होने के कारण ऐसी गलती हुई है। ऐसा मामला जिले में तीसरा है। उसमें स्कूल के हेडमास्टर की भी गलती है। उन्हें अपने लॉगिन से इनका नाम निकाल देना चाहिए था। फेनहारा बीइओ कपिलदेव राम व अरेराज बीईओ की भी जिम्मेदारी बनती है। डीपीओ ने बताया कि फेनहारा व अरेराज बीइओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इस गलती को सुधार कर लिया जाएगा।

Previous Post Next Post