राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रवाह धीरे-धीरे कमजोर होने लगा है। इस कारण अब तापमान चढ़ने लगा है। हालत यह रही कि शनिवार सुबह से ही कड़ी धूप दिखी। दस बजते-बजते तपिश असहनीय हो गई। दोपहर में गर्म हवाओं से लू जैसा एहसास हुआ। पटना का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान डेहरी में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। डेहरी, गोपालगंज और गया
का अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार चला गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दो दिनों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। सबसे कम तापमान सीतामढ़ी के पुपरी में 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को सीतामढ़ी, समस्तीपुर, सीवान, मधेपुरा, डेहरी और वाल्मीकिनगर को छोड़कर सभी जगहों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। दो दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार 7 अप्रैल की शाम से फिर से मौसम करवट लेगा। असम और बंगाल की खाड़ी पर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में आंधी-पानी व बारिश का अलर्ट है।
किसान सात तक कर लें गेहूं और दलहनी फसलों की दौनी
मौसम विज्ञान केन्द्र ने आठ अप्रैल से मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए किसानों को फसलों की कटनी और दौनी कर लेने की सलाह दी है। किसानों को कहा गय है कि आपकी फसल तैयार हो गई है तो कटनी कर लें। किसी सुरक्षित जगह पर ढंककर रखने के लिए कहा गया है, ताकि आंधी या पानी से फसलों को बचाया जा सके।
