पटना, मुख्य संवाददाता। मौसम के मिजाज में आये बदलाव के कारण पटना सहित 28 जिलों के अधिकतम तापमान में बुधवार को गिरावट दर्ज की गई।
पूर्वोत्तर असम व इसके आसपास के हवा का चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बने होने से बारिश और वज्रपात का सिस्टम वातावरण में बना है। इस दौरान राज्य में आंशिक बारिश के आसार है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बुधवार-गुरुवार को उत्तर बिहार के आठ जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर
ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण एवं पश्चिम चंपारण में आंधी पानी एवं वज्रपात की चेतावानी है। मौसमविदों के अनुसार इन जिलों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। यह सिस्टम 12 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। पटना सहित आसपास इलाकों में भी इस
दौरान बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है। बुधवार की शाम पटना में आंशिक बारिश भी हुई। कुछ इलाकों में तेज और कहीं आंशिक बारिश हुई। पटना में भी 13 अप्रैल तक मौसम की स्थिति सामान्य बनी रहेगी। इससे पहले दिन में पटना सहित कई जिलों में पुरवा के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करते रही। पटना का अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री गिरावट के साथ 34.8 डिग्री दर्ज किया गया। 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गया में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रहा।
