पटना, कार्यालय संवाददाता। यू- डायस पोर्टल पर स्कूलों की ओर से प्रवृष्टि होने के बाद इसका भौतिक सत्यापन होगा। यू-डायस 2024-25 के तहत राज्यभर के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को अपने स्कूल की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करनी है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को यू-डायस के तीन मॉड्यूल को 31 नवंबर तक पूरा करने के लिए स्कूलों को निर्देश देने को कहा है। जिले के अंतर्गत आने वाले प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी,
डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान और जिला शिक्षा पदाधिकारी स्कूलों में जाकर प्रविष्टि का भौतिक सत्यापन करेंगे। परिषद ने कहा है कि संबंधित बीईओ द्वारा अपने प्रखंड के 20% विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) द्वारा जिले के 10% और जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिले के 5% विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।