80 हजार सरकारी स्कूलों में खरीदे जायेंगे खेल के सामान
पांच से 25 हजार की राशि से स्कूल स्तर पर होगी खरीदारी
राज्य के सभी तकरीबन 80 हजार सरकारी स्कूलों को मिली राशि से अब खेल सामग्रियों की खरीदारी होगी। प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय के लिए पांच हजार रुपये, मध्य विद्यालय के लिए 10 हजार रुपये एवं माध्यमिक-उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए 25 हजार रुपये की राशि पहले ही उपलब्ध करायी जा चुकी है।
उसी राशि से अब खेल सामग्रियों की खरीदारी होगी। इसके लिए हर
स्कूल में तीन सदस्यीय क्रय कमेटी होगी। खेल सामग्रियों की खरीदारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारियों तथा प्राथमिक व समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। स्कूल स्तरीय क्रय कमेटी में प्रधानाध्यापक, वरीय शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक या अनुदेशक होंगे। शारीरिक शिक्षक या अनुदेशक की अनुपलब्धता में द्वितीय वरीय शिक्षक कमेटी में शामिल किये जायेंगे। जिस स्कूल में तीन से शिक्षक होंगे, वहां विद्यालय शिक्षा समिति या विद्यालय प्रबंधन समिति के एक सदस्य कमेटी में नामित किये जायेंगे।
स्कूलों द्वारा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करायी गयी सूची से स्कूल स्तर पर ही स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन मद से खेल सामग्रियों की खरीदारी होगी। आपूतिकर्ता के लिए जीएसटी निबंधन अनिवार्य है। क्रय किये जाने वाले खेल सामग्री का दर एमआरपी से अधिक नहीं होगा। आवश्यकतानुसार खेल सामग्रियों का क्रय होगा। खेल सामग्रियों की भंडार पंजी संधारित होगी। खेल सामग्रियों के रख-रखाव की जिम्मेवारी खेल शिक्षक की होगी।