बिहार में बनेंगे 534 नए मॉडल स्कूल, शिक्षकों की नियुक्ति को जल्द एसओपी, वेतन तय तारीख पर
राज्य में 534 मॉडल स्कूलों के निर्माण और संचालन को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। इनमें भागलपुर जिले के 16 स्कूल भी शामिल हैं। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डा. बी. राजेंद्र ने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए एक से दो दिनों में एसओपी जारी की जाएगी, ताकि समय पर स्कूलों में सत्र शुरू कराया जा सके।
वेतन और सेवांत लाभ पर जोर
बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि शिक्षकों को हर हाल में महीने की पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों के सेवांत लाभ का भुगतान समय पर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में संबंधित लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश
अपर मुख्य सचिव ने सीएफएमएस से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने और मातृत्व व पितृत्व अवकाश से संबंधित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने और जिम्मेदारी के साथ काम करने की सख्त हिदायत दी।
अधिकारियों के साथ बैठक
इस दौरान आरडीडीई मो. अहसन, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा और डीपीओ सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की गई, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
