हाजिरी नहीं बनाने वाले 1889 शिक्षकों को शोकॉज
भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले के बिहपुर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के ऑनलाइन अटेंडेंस में गड़बड़ी मिली है। प्रखंड के 1889 शिक्षकों ने ई-शिक्षाकोष एप से उपस्थिति नहीं बनाई। इन्होंने अपना अटेंडेंस विद्यालय की उपस्थिति पंजी पर बनाया है। जबकि शिक्षकों को विद्यालय आने और जाने के समय ई-शिक्षाकोष से हाजिरी बनाने का नियम है। ऐसे में बिहपुर के बीईओ ने सभी 1889 शिक्षकों को शोकॉज किया है।
शिक्षकों ने ई-शिक्षा कोष के बदले रजिस्टर पर बनाई थी उपस्थिति
बीईओ ने पत्र जारी कर संबंधित प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों से जवाब मांगा है। शोकॉज से पहले बीईओ ने जांच में पाया गया कि 21 जनवरी से 20 फरवरी 2026 के बीच कई शिक्षकों ने ई-शिक्षाकोष से अनुपस्थित दर्ज नहीं की है। जबकि विद्यालय के रजिस्टर पर इन्हें उपस्थित दर्शाया गया है। संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर साक्ष्य के साथ जवाब बीआरसी बिहपुर में जमा करना है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शिक्षकों को अनुपस्थिति मानते हुए वेतन कटौती की जाएगी। बीईओ ने पत्र में अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
