जर्जर गेट गिरने से प्राथमिक विद्यालय में मचा हड़कंप
नगरनौसा
प्रखंड के कैला पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय दुधइला में गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय परिसर का मुख्य जर्जर गेट अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। सौभाग्य से हादसे के वक्त विद्यालय में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। उल्लेखनीय है कि शीतकालीन अवकाश के कारण 8 जनवरी तक विद्यालय बंद है और इन दिनों केवल शिक्षक ही विद्यालय आ रहे हैं।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक विक्की कुमार ने बताया कि विद्यालय भवन, मुख्य गेट और चारदीवारी की जर्जर स्थिति को लेकर 6 जनवरी को ही प्रखंड से लेकर जिला स्तर
L
तक लिखित सूचना दी गई थी। इसके बावजूद गुरुवार सुबह मुख्य गेट गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यदि विद्यालय खुला होता और बच्चे परिसर में मौजूद रहते, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती
थी। ग्रामीणों ने भी पहले ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को आवेदन देकर विद्यालय के जर्जर कमरों, मुख्य गेट, चारदीवारी और शौचालय की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग की थी। आवेदन में मंजू देवी, निशा देवी, शांति देवी, बिंदु देवी, प्रतिमा देवी, करी देवी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्राथमिक विद्यालय दुधइला की आधारभूत संरचनाएं अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं, जिनकी तत्काल मरम्मत कराना अति आवश्यक है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने शिक्षा विभाग से शीघ्र संज्ञान लेते हुए विद्यालय की मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
