जुरावनपुर थाना के चकसिंगार स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल में शनिवार दोपहर शराबी स्कूल में घुसकर छात्राओं के साथ बदतमीजी की गई। छात्राओं के साथ बदतमीजी एवं गाली गलौज का हेड मास्टर द्वारा विरोध करने पर शराबी ने प्राचार्य के साथ मारपीट की। घटना के बाद हेडमास्टर बैधनाथ प्रसाद ने जुरावनपुर थाना में दो लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर एक आरोपी चंदन कुमार को पकड़ कर थाना ले आई। जबकि दूसरा फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में दोपहर छात्राएं लंच कर रही थीं। इसी दौरान चकसिंगार निवासी चंदन कुमार पिता नवलाख सिंह और अभिमन्यु सिंह पिता आशेष सिंह द्वारा शराब के नशे में क्लास में घुस कर छात्राओ को गंदी-गंदी गालियां दी एवं बदतमीजी की गई। छात्राओं द्वारा इसकी शिकायत प्राचार्य से की गई। छात्राओं की शिकायत पर हेडमास्टर ने जब शराबियों का विरोध किया। तो दोनों शराबियों ने हेडमास्टर बैधनाथ प्रसाद के साथ मारपीट की एवं स्कूल में तोड़फोड़ की इस संबंध में प्राचार्य बैधनाथ प्रसाद ने बताया की दोनों शराबी स्कूल में घुस कर छात्राओं के साथ बदतमीजी कर रहे थे। जब मैंने विरोध किया तो दोनों ने मारपीट की। इधर जुरावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि मामले में शिक्षक द्वारा आवेदन दिया गया है। एक आरोपी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।