नवोदय विद्यालय के 42 छात्रों पर प्राथमिकी

नवोदय विद्यालय के 42 छात्रों पर प्राथमिकी



मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय मे छात्रों द्वारा किए गए उत्पात व जानलेवा हमला मामले में प्राचार्य नीसम अहमद ने 42 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है।


लिखित शिकायत कर पुलिस को बताया गया है कि बीते 13 फरवरी की सुबह करीब करीब 9.30 बजे कुछ छात्र रॉड व डंडा लेकर प्राचार्य कक्ष में घुस आए और जान मारने की नीयत से हमला कर दिया। प्राचार्य ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोप है कि छात्रों ने कार्यालय में रखे अग्निशमन यंत्र (डीसीपी) को तोड़कर इसके पाइप से कार्बन डाइऑक्साइड गैस छोड़ दी। इस घटना के बाद कक्ष मे दम घुटने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हमला में प्राचार्य घायल हो गए, इन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का कारण विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रों के पास से बम व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करना बताया जा रहा है। इस मामले में कक्षा 9 के 14, कक्षा 10 के 19, कक्षा 11 के 5 व कक्षा 12 के 4 छात्रों को आरोपित किया गया है।


●कक्षा नौवीं के 14, 10वीं के 19, 11 वीं के 5 और 12वीं के 4 छात्र आरोपित

●विद्यालय प्रबंधन ने बम व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद किया


आपत्तिजनक सामग्री बरामद करना बना घटना का कारण : आवेदन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि बीते 11 फरवरी की रातछात्रावास में बम फटने की आवाज सुनाई दी थी। जांच के दौरान छात्रों के पास से करीब 50 मोबाइल फोन, एक बड़ा सूरी बम व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी। इस कार्रवाई के बाद छात्र नाराज हो गए थे। इसको लेकर छात्रों ने विद्यालय में तोड़फोड़ की, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए, कार्यालय में रखे सामान व मोबाइल फोन भी लूट लिया। बाद में इस घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय पुलिस विद्यालय पहुंचे थे और स्थिति को नियंत्रित किया था।


क्या कहते हैं थानाध्यक्ष मुफस्सिल


थानाध्यक्ष ने बताया कि नवोदय विद्यालय के प्राचार्य के द्वारा एक आवेदन दिया गया है। इसके आधार पर कांड दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। कुल 42 छात्रों को आरोपित किया गया है।


Previous Post Next Post