हाईकोर्ट के आदेश : 550 शिक्षकों को मिली प्रोन्नति

 हाईकोर्ट के आदेश : 550 शिक्षकों को मिली प्रोन्नति



सीडब्लूजेसी

15610/2018 राघवेंद्र शर्मा बनाम बिहार सरकार में पारित उच्च न्यायालय के न्यायादेश एवं विभागीय निर्देशों के आलोक में लगभग तीन वर्षों से लंबित प्रोन्नति आदेश जारी होने के बाद सारण जिले के शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वर्षों से लंबित प्रोन्नति मिलने पर शिक्षकों ने इसे न्याय की जीत बताया है।

विदित हो कि जून माह में प्रोन्नति तो दी गई थी, लेकिन केवल स्नातक वेतनमान में ही भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति दी गई थी। जबकि न्यायालय के आदेशानुसार 1993 नियमावली के तहत पूर्व से प्रोन्नति प्राप्त



शिक्षकों को मैट्रिक प्रशिक्षित वेतनमान में आठ वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर स्नातक वेतनमान तथा वांछित योग्यता रखने वाले शिक्षकों को पांच वर्ष की सेवा के बाद प्रधानाध्यापक के वेतनमान में प्रोन्नति देते हुए उन्हें एमएसीपीएस का लाभ दिया जाना था।

सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव दिनेश कुमार सिंह एवं अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि इस मांग को लेकर जिला से लेकर राज्य स्तर तक कई बार पत्राचार किया गया। प्रोन्नति नहीं होने पर संघ द्वारा धरना-प्रदर्शन की

घोषणा भी की गई, जिसके बाद समझौता वार्ता हुई और प्रोन्नति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसके बावजूद विलंब होने पर समिति के सदस्यों से पुनः अनुरोध किया गया, तब जाकर प्रोन्नति पत्र निर्गत हुआ।

इसके बाद पूर्ण प्रोन्नति के लिए लगातार प्रयास जारी रहा और अंततः जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी सारण के हस्ताक्षर के बाद प्रोन्नति सूची प्रकाशित कर दी गई। संघ ने इसके लिए क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक राजदेव राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) धनंजय पासवान को बधाई दी। संघ के उपाध्यक्ष

संजय कुमार ने बताया कि 185 शिक्षकों को स्नातक वेतनमान में प्रोन्नति देकर एमएसीपीएस का लाभ दिया गया है, जबकि 365 शिक्षकों को प्रधानाध्यापक के वेतनमान में प्रोन्नति देकर एमएसीपीएस प्रदान किया गया है।

संघ के संरक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि इससे वेतनमान में वृद्धि के साथ-साथ शिक्षकों को आर्थिक लाभ मिलेगा, जो उनके मनोबल को मजबूत करेगा। प्रोन्नति पत्र निर्गत कराने में अहम भूमिका निभाने के लिए शिक्षकों ने सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव सह प्रदेश महासचिव दिनेश कुमार सिंह के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
Previous Post Next Post