पटना: रैंडम जांच में पकड़े गए जिले के 1,257 शिक्षक, नहीं बनाते ऑनलाइन उपस्थिति
पटना में शिक्षा विभाग की रैंडम जांच में 1,257 शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज किए बिना अनुपस्थित पाए गए। यह जांच क्रिसमस की छुट्टी से ठीक पहले 23 और 24 दिसंबर को की गई थी। पटना सदर (अरबन) में सर्वाधिक 200 शिक्षक शामिल हैं। विभाग ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगने और संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
जिले के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की उपस्थिति और अनुपस्थिति पर शिक्षा विभाग कड़ी निगरानी कर रहा है। जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा रैंडम शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की गई तो जिले के 1,257 शिक्षक गायब मिले। यह जांच क्रिसमय की छुट्टी घोषित होने से दो दिन पहले की गई।
आंकड़े के अनुसार, जिले में कुल 3,419 स्कूलों में 25,219 शिक्षक कार्यरत हैं। जिसमें 23 और 24 दिसंबर को 18 हजार 727 शिक्षकों ने आनलाइन उपस्थिति दर्ज की और पांच हजार, 235 शिक्षक अवकाश पर रहे। यहीं नहीं इनमें बख्तियारपुर प्रखंड के दो ऐसे शिक्षक हैं जिन्होंने दिसंबर तो क्या अक्टूबर और नवंबर में भी उपस्थिति दर्ज करने के लिए ई -शिक्षा पोर्टल का इस्तेमाल नहीं किया है।
इन शिक्षकों से पूछा जाएगा स्पष्टीकरण
जिला शिक्षा कार्यालय के संबंधित अधिकारी ने कहा कि इस तरह के बहुत सारे और शिक्षकों की जांच की जा रही है। संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है वे चिह्नित किए गए इन शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा जाए। सही-सही जवाब न देने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को रिपोर्ट करें। अगर ऐसे शिक्षकों को बचाने की कोशिश की जाती है तो संबंधित अधिकारी पर भी कार्रवाई जाएगी। संबंधित अधिकारी व शिक्षकों को निलंबित करने के लिए विभाग को लिखा जाएगा।
