कोहरे की चादर से ढका उत्तर भारत, दिल्ली से बिहार तक गिरा तापमान; इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

 कोहरे की चादर से ढका उत्तर भारत, दिल्ली से बिहार तक गिरा तापमान; इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट




 उत्तर भारत में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में लगातार गिरावट जारी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार में कोहरे की चादर देखने को मिल रही है। इस कारण दृश्यता काफी कम हो गई है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। इधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पढ़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इन राज्यों में बदल सकता है मौसम का मिजाज

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में आज शाम से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

दिल्ली के मौसम का हाल

देश की राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राजधानी में ग्रेप चार की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। इस बीच IMD ने बताया कि रविवार और सोमवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Previous Post Next Post