शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को दी बड़ी राहत.. मोबाइल ऐप फेल तो वेतन नहीं रुकेगा, पढ़ें पूरी डिटेल

 शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को दी बड़ी राहत.. मोबाइल ऐप फेल तो वेतन नहीं रुकेगा, पढ़ें पूरी डिटेल



सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. अब तकनीकी कारणों से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हो पाने पर शिक्षकों का वेतन नहीं कटेगा.

सरकारी स्कूलों में मोबाइल ऐप के जरिए हाजिरी बनाने वाले शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. अब तकनीकी कारणों से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हो पाने पर शिक्षकों का वेतन नहीं कटेगा. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में भौतिक उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान किया जाएगा. इस निर्णय से जिले सहित पूरे बिहार के हजारों शिक्षकों को राहत मिली है, जो नेटवर्क, सर्वर या ऐप की तकनीकी गड़बड़ियों के कारण अनावश्यक वेतन कटौती का सामना कर रहे थे.
  
  शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, जिन शिक्षकों का वेतन तकनीकी कारणों से कटा है, उनका कटा हुआ वेतन भी वापस किया जाएगा. प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने इस संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. निर्देश में कहा गया है कि शिक्षकों से नियमानुसार स्पष्टीकरण और प्रमाण प्राप्त करते हुए भौतिक उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए. इससे ईमानदारी से विद्यालय आने वाले शिक्षकों को मानसिक और आर्थिक परेशानी से मुक्ति मिलेगी.

क्यों दर्ज नहीं हुई शिक्षकों की हाजिरी
गौरतलब है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की लेटलतीफी और बिना सूचना अनुपस्थिति पर रोक लगाने के उद्देश्य से ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू की गई थी. हालांकि, कई बार तकनीकी खामियों के कारण शिक्षकों की हाजिरी दर्ज नहीं हो पाती थी, जबकि वे विद्यालय में मौजूद रहते थे. इस वजह से शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा था और विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं. अब नए निर्देश के बाद यह समस्या काफी हद तक सुलझने की उम्मीद है.
  
  
Previous Post Next Post