टीआरई फोरः जिले में 510 शिक्षकों की होगी बहाली
बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई) फोर की अधिसूचना 26 जनवरी तक जारी करने की तैयारी में शिक्षा विभाग जुटा हुआ है। जिले के हजारों अभ्यर्थी बहाली के नोटिफिकेशन के इंतजार में हैं। इस परीक्षा के तहत जिले में शिक्षकों के 510 खाली पदों को भरे जाएंगे। वहीं बिहार के 38 जिलों में 27 हजार से अधिक पद पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इसके लिए सूबे के सभी जिलों से शिक्षकों के खाली पदों की सूची मांगी गई है। मामले पर डीपीओ स्थापना अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि निर्देश के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने कक्षा व विषयवार शिक्षकों की सूची भेज दी है। बहाली पूरी होने के बाद विज्ञान, गणित, अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी। छात्रों का सिलेबस समय पर पूरा होगा।
कक्षा एक से पांच तक में शिक्षक उपलब्धः जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, सूची में कक्षा एक से पांच तक शिक्षकों के पद को संलग्न नहीं किया गया। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी नहीं है। शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया के बाद स्वीकृत पद से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं।
किस कक्षा में कितने शिक्षक होंगे बहाल
जिला शिक्षा कार्यालय से पटना मुख्यालय को भेजी गई सूची के अनुसार कक्षा छह से आठ में उर्दू के 19, संस्कृत के 31, सामाजिक विज्ञान के नौ, अंग्रेजी के 49, हिन्दी के 16, गणित व विज्ञान के 71 समेत शिक्षकों के कुल 195 पद भरे जाएंगे। वहीं कक्षा नौ से 10 में अरबी के दो, बांग्ला के तीन, फारसी के सात, गणित के तीन, संस्कृत के 61, शारीरिक शिक्षा के चार, विज्ञान के छह व उर्दू के 13 समेत शिक्षकों के कुल 99 पद पर नियुक्ति होगी। वहीं कक्षा 11 व 12 में फिजिक्स के 34, बॉटनी के 14, केमेस्ट्री के 75, गणित के चार, भूगोल के तीन, संगीत के छह, मनोविज्ञान के 25, अरबी के दो, बांग्ला के एक, अंग्रेजी के 39 व संस्कृत के 13 समेत शिक्षकों के 216 पदों पर नियुक्ति होगी।
