भभुआ में विद्यालय में दौड़ रहे दो छात्र टकराए, एक की मौत

 भभुआ में विद्यालय में दौड़ रहे दो छात्र टकराए, एक की मौत



सदर थाना क्षेत्र के सीवों गांव में स्थित न्यू प्राथमिक विद्यालय में सोमवार की सुबह छात्रों की बालसुलभ भाग-दौड़ में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई। दूसरी व तीसरी के छात्र दौड़ते हुए प्रार्थना सत्र में पहले पहुंचने की होड़ में आपस में टकरा गए, जिससे तीसरी का छात्र गिरकर अचेत हो गया। शिक्षकों ने उसे घर भेज दिया, इसके कुछ घंटों बाद उसकी मौत की सूचना मिली।

स्वजन व ग्रामीण उसे सदर अस्पताल ले गए, वहां आन ड्यूटी चिकित्सक डा. मनीष भास्कर ने कहा कि बच्चा मृत अवस्था में लाया गया था। इसके बाद स्वजन उसे लेकर चले गए। पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मौत का कारण बताया नहीं जा सकता। मृत छात्र तीसरी कक्षा का नौ वर्षीय अनीश कुमार था। उसके पिता सीवों गांव निवासी रामाकांत राम पंचायत के पंच हैं। अनीश पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था।

सहायक शिक्षिका पूनम देवी ने बताया कि कुछ बच्चे विद्यालय खुलने के पहले ही आ गए थे और परिसर के छोटे से खुले स्थान में खेल रहे थे। इस बीच प्रार्थना का



समय हुआ तो कुछ बच्चों ने पहले पहुंचने की होड़ में दौड़ लगा दी। इसी बीच अनीश व कक्षा दो के एक छात्र आपस में टकरा गए। वहां हम सभी शिक्षक मौजूद थे। अनीश गिरा तो अचेत हो गया। उसे गोद में

लेकर सहलाए, पानी पिलाए, उसने हमलोगों से बात भी की। हालचाल पूछा गया तो बताया कि ठीक है। फिर उसके घर पर सूचना भिजवा दी गई। उसकी मां, बगल के कस्तूरबा विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ने वाली अपनी बेटी के साथ आईं और उसे साथ ले गईं। फिर विद्यालय में प्रार्थना हुई और सभी शिक्षक पढ़ाने में व्यस्त हो गए। शिक्षिका ने बताया कि कुछ देर बाद जब अनीश के बारे में जानकारी ली गई तो पता चला कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई है।
Previous Post Next Post