हाजिरी बना स्कूल से गायब रहने वाले शिक्षकों पर बरती गई सख्ती
सरकारी स्कूलों से हाजिरी बनाकर गायब होने वाले शिक्षकों की अब क्लास रूम से लेकर लैब तक निगरानी करने का निर्णय शिक्षा विभाग द्वारा लिया गया है। विभाग ने यह साफ तौर पर कहा है कि कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को अलग-अलग समय और जगह की तस्वीरें प्रधानाध्यापकों को उपलब्ध करानी है। इसमें क्लास रूम के साथ ही ग्रुप फोटोग्राफी भी करनी है। इसके साथ ही मिड डे मील और शौचालय की स्थिति भी तस्वीरों के माध्यम से बतानी होगी। वहीं दूसरी ओर विभाग से बरती जा रही सख्ती के बाद भी स्कूलों से शिक्षकों के गायब होने की शिकायत कम नहीं हो रही है। बता दें कि पहले सुबह के समय अटेंडेंस बनाकर शिक्षक के स्कूल से निकल जाते थे। इसको रोकने के लिए दो बार अटेंडेंस का निर्देश दिया गया। इसके बाद भी ऐसे शिक्षकों की मनमानी पर रोक नहीं लग सकी है। जिला शिक्षा विभाग कार्यालय से मिली
जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से कि अलग-अलग समय पर फोटो ह उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसमें चेतना सत्र के साथ ही एमडीएम, वर्गकक्ष की स्थिति और शौचालय की स्थिति की फोटो भेजनी है।
इसके साथ ही भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान व आइसीटी लैब की क्लास के दौरान भी फोटो खींचकर भेजने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि स्कूल की कार्य अवधि में अलग-अलग समय पर शिक्षकों का ग्रुप फोटो भी उपलब्ध कराया जाए। खासकर जिन स्कूलों से शिक्षकों के उपस्थिति दर्ज करने के बाद गायब होने की शिकायत है, वहां से ग्रुप फोटो भेजना अनिवार्य है। इसके अलावा कंट्रोल सेंटर से किसी भी समय फोटो की डिमांड की जा सकती है, जो कि हर हाल में उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जो शिक्षक फोटो उपलब्ध नहीं कराएंगे, उनके खिलाफ विभागीय आदेशानुसार विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
