यूपी में ईवी रखने वालों को लेना होगा अलग कनेक्शन, बिजली पड़ सकती है महंगी

 यूपी में ईवी रखने वालों को लेना होगा अलग कनेक्शन, बिजली पड़ सकती है महंगी


यूपी में ईवी यानी इलेक्ट्रिक वाहन रखने वालों को अलग कनेक्शन लेना पड़ सकता है। अगर अलग नहीं लिया तो वाहन चार्जिंग के लिए बिजली महंगी पड़ सकती है। पावर कॉरपोरेशन ने घरेलू बिजली दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव...



बिजली की नई दरें तय करने के लिए अगर पावर कॉरपोरेशन का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया तो इलेक्ट्रिक वाहन रखने वाले लोगों को चार्जिंग महंगी पड़ सकती है। उनके पास दो विकल्प होंगे कि या तो वे चार्जिंग के लिए ज्यादा शुल्क अदा करें या वाहनों की चार्जिंग के लिए अलग कनेक्शन लें। नई दरें तय करने के लिए पावर कॉरपोरेशन के प्रस्ताव पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी और अब आयोग सभी पहलुओं की समीक्षा कर रहा है।


पावर कॉरपोरेशन ने घरेलू बिजली की दरों में बढ़ोतरी और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की पुरानी दरें ही बरकरार रखने का प्रस्ताव दिया है। यही विरोधाभासी प्रस्ताव ही इलेक्ट्रिक वाहन रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन सकता है। अब तक घरेलू बिजली की दरें और इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग दरें लगभग एक बराबर थीं। लिहाजा लोग अपनी घरेलू बिजली से ही इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज कर लिया करते थे। हालांकि, पावर कॉरपोरेशन ने बिजली की नई दरों के लिए घरेलू बिजली महंगी करने और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की दरें वही पुरानी रखे जाने का प्रस्ताव दिया है। अगर यह प्रस्ताव स्वीकार हो गया तो घरेलू बिजली से इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग महंगी पड़ेगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को वाहनों की चार्जिंग के लिए अलग कनेक्शन लेना पड़ सकता है।


ईवी की चार्जिंग दरों में फिक्स्ड कॉस्ट नहीं


ईवी की चार्जिंग दरों के लिए पावर कॉरपोरेशन ने फिक्स्ड कॉस्ट का प्रस्ताव नहीं दिया है, यानी प्रति यूनिट खपत के आधार पर बिल देना होगा। बहुमंजिला इमारतों में चार्जिंग के लिए प्रस्तावित दर 6.20 रुपये/यूनिट रखी गई है जबकि मकानों में 5.90 रुपये/यूनिट है। यही दरें पहले भी थीं। वहीं, घरेलू बिजली 4 रुपये प्रति यूनिट से लेकर 9 रुपये प्रति यूनिट तक प्रस्तावित है। अधिकतम फिक्स्ड कॉस्ट 110 रुपये थी जबकि इसे 190 रुपये प्रति यूनिट तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। जानकारों के मुताबिक इस तरह से घरेलू बिजली की अधिकतम दरें 12-13 रुपये प्रति यूनिट तक प्रभावी होंगी।


उपभोक्ता परिषद ने विरोध में दिया है प्रस्ताव


राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इन प्रस्तावित दरों के खिलाफ विरोध प्रस्ताव नियामक आयोग में दिया है। उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि अगर पावर कॉरपोरेशन के इस प्रस्ताव को देखा जाए तो इससे इलेक्ट्रिक वाहन रखने वाले सभी उपभोक्ताओं को तो अलग कनेक्शन ही लेना पड़ेगा। पावर कॉरपोरेशन कितने कनेक्शन बांटेगा? हालांकि, अवधेश ने कहा कि उपभोक्ता परिषद ने हर तरह की दरों में बढ़ोतरी का विरोध किया है। हम आश्वस्त हैं कि पावर कॉरपोरेशन द्वारा बढ़ोतरी का प्रस्ताव खारिज होगा।


Previous Post Next Post