शिक्षक ने अभिभावक को फोन पर हड़काया, ऑडियो वायरल

 शिक्षक ने अभिभावक को फोन पर हड़काया, ऑडियो वायरल 



पूरनपुर। गांंव बाजारघाट के प्राथमिक स्कूल से नदारद शिक्षक की शिकायत अफसरों ने करना अभिभावक को महंगा पड़ गया। शिक्षक ने खंड शिक्षा अधिकारी से की गई शिकायत पर अभिभावक को मोबाइल कॉल पर हड़का दिया। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो पर डीएम ने बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी को जांच में शिक्षक आकाश कुमार भारती स्कूल से बगैर सूचना के गायब मिले। खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक का स्पष्टीकरण तलब किया है।

शनिवार को बाजारघाट के परमजीत सिंह ने स्कूल से शिक्षक आकाश कुमार भारती के गायब होने की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से मोबाइल पर की। साथ ही शिक्षक के अक्सर स्कूल देरी से आने, स्कूल में मोबाइल चलाते रहने आदि का आरोप लगाया। अभिभावक ने इसकी शिकायत डीएम और अन्य अफसरों से भी मोबाइल पर की। शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को कई बार फोन किया। मगर शिक्षक ने उनका फोन रिसीव नहीं किया। 


तब खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल में तैनात शिक्षामित्र शकीन से शिक्षक के बारे में जानकारी की। शिक्षामित्र ने शिक्षक के बगैर सूचना के स्कूल से गायब होने की बात बताई। कुछ देर बाद स्कूल पहुंचे शिक्षक ने शिकायतकर्ता को मोबाइल पर खूब हड़काया। वायरल ऑडियो पर डीएम ने बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल से गैरहाजिर रहने पर शिक्षक आकाश कुमार भारती का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। उन्होंने बताया कि दो दिन में स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
Previous Post Next Post