शिक्षकों सहित कर्मियों का वेतन भुगतान ससमय कराएं सुनिश्चित : जिला पदाधिकारी

 *शिक्षकों सहित कर्मियों का वेतन भुगतान ससमय कराएं सुनिश्चित : जिला पदाधिकारी।*



*तिथिवार मातृत्व अवकाश की स्वीकृति एवं एरियर का करें भुगतान।*


*जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।*


*ड्रेस कोड, परिचय पत्र, नेम प्लेट का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश।*


*परिचय पत्र धारण नहीं करने वाले कर्मियों से शोकॉज करने का निर्देश।*


बेतिया। जिला पदाधिकारी, श्री धर्मेन्द्र कुमार द्वारा आज जिला शिक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया और डीईओ सहित अन्य पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।


निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी बेहतर तरीके से अपने-अपने कार्यों एवं दायित्वों को संपादित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार द्वारा निर्धारित समय सारणी के अनुसार कार्यालय का संचालन कराना सुनिश्चित करें। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी नियत समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने कार्यों को निष्पादित करेंगे। सभी ड्रेस कोड का अनुपालन करेंगे। सभी के पास परिचय पत्र रहना अनिवार्य है। साथ ही कार्यस्थल पर नेम/पदनाम प्लेट भी रखना अनिवार्य है। 


निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मियों द्वारा परिचय पत्र नहीं लगाया गया था। इस पर जिला पदाधिकारी ने ऐसे कर्मियों से शोकॉज करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। साथ ही सभी कर्मी ड्रेस कोड का अनुपालन करें तथा परिचय पत्र रखें, इसे हर हाल में सुनिश्चित कराएंगे।


जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यालय के सभी कर्मियों सहित शिक्षकों का वेतन भुगतान ससमय कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही तिथिवार मातृत्व अवकाश की स्वीकृति एवं एरियर भुगतान की दिशा में त्वरित गति से कार्रवाई सुनिश्चित करें।


उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय की समुचित साफ-सफाई सहित कार्यालय के सामग्रियों, संचिकाओं, अभिलेखों आदि को सुव्यवस्थित, सुरक्षित तरीके से रखें। सभी प्रकार की संचिकाओं, अभिलेखों, रोकड़ बही आदि को अपडेट रखें।


इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा शिक्षा विभाग के डीपीओ उपस्थित थे।

Previous Post Next Post