अगले महीने से चेहरे की पहचान कर बच्चों की बनेगी हाजिरी

 अगले महीने से चेहरे की पहचान कर बच्चों की बनेगी हाजिरी



मुजफ्फरपुर, प्रसं। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति में फर्जीवाड़े पर जल्द लगाम लगेगी। अगले महीने से चेहरे की पहचान कर बच्चों की हाजिरी बनेगी। इसके लिए सभी स्कूलों को दो-दो टैब दिये जाएंगे। जिले के 332 स्कूलों के लिए टैब प्रखंड संसाधन केन्द्रों पर पहुंच गये हैं। दो दिन में इसे सभी स्कूलों में उपलब्ध कराया जाएगा।

जिन स्कूलों को टैब मिल गये हैं, वहां प्रार्थना के समय सभी बच्चों की फोटो अपलोड होगी। एक टैब हेडमास्टर और दूसरा सहायक शिक्षक के पास रहेगा।


पहले चरण में मुशहरी, मुरौल और बंदरा के स्कूलों को टैबमिले हैं। डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान सुजीत कुमार ने कहा कि यह टैब ना केवल बच्चों की फोटो के साथ हाजिरी बनाएगा, बल्कि कक्षा में पढ़ाए जाने वाले तस्वीर के साथ ही शिक्षक क्या पढ़ा रहे  यह भी अपलोड होगा। सहायक शिक्षक पहली घंटी में सभी कक्षा में जाकर फोटो अपलोड करेंगे। 

अंतिम घंटी की तस्वीरों का होगा मिलान


इस टैब में ऑटोमेटिक व्यवस्था है, जिसमें बच्चों और शिक्षकों के सामने आते ही उनकी फोटो खिचेंगी। पहली के साथ अंतिम घंटी की कक्षा की भी फोटो ली जाएगी। इन दोनों का मिलान किया जाएगा कि बीच में कितने बच्चे कम हुए। इस टैब में बायोमैट्रिक की भी व्यवस्था की गई है।
Previous Post Next Post