योगदान की तिथि से मिलेगा प्रधानाध्यापकों व प्रधान शिक्षकों को वेतन

 योगदान की तिथि से मिलेगा प्रधानाध्यापकों व प्रधान शिक्षकों को वेतन

पटना। राज्य में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित 35,333 प्रधान शिक्षक एवं 5,728 प्रधानाध्यापक अपने पदस्थापन वाले स्कूल में 21 जुलाई से योगदान देंगे। योगदान देने की अंतिम तिथि 26 जुलाई है



प्रधानाध्यापकों के योगदान को लेकर शिक्षा विभाग के सचिव दिनेश कुमार, जो माध्यमिक शिक्षा निदेशक भी हैं, के हस्ताक्षर से जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है। दूसरी ओर 35,333 प्रधान शिक्षकों के योगदान को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला द्वारा राज्य के सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। निर्देश में जिला शिक्षा पदाधिकारियों से कहा गया है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा प्रधान शिक्षक पद हेतु अनुशंसित एवं काउंसलिंग के दौरान सभी कागजात व दस्तावेज सही पाये गये 35,333 अभ्यर्थियों को प्राथमिक विद्यालय आवंटित कर दिया गया है। इसी प्रकार प्रधानाध्यापक पद हेतु अनुशंसित एवं काउंसलिंग के दौरान सभी


कागजात व दस्तावेज सही पाये गये 5,728 अभ्यर्थियों को उच्च माध्यमिक विद्यालय आवंटित कर दिया गया है। इन्हें विद्यालय में योगदान के लिए 21 जुलाई से 26 जुलाई तक समय दिया जायेगा।


जिला शिक्षा पदाधिकारियों से कहा गया है कि इन प्रधान शिक्षकों का औपबंधिक नियुक्ति पत्र, विद्यालय पदस्थापन पत्र एवं प्रारूप योगदान प्रपत्र सॉफ्टवेयर के माध्यम से 17 जुलाई से प्रिंट किया जा सकता है। इसी प्रकार प्रधानाध्यापकों का औपबंधिक नियुक्ति पत्र, विद्यालय पदस्थापन पत्र एवं प्रारूप योगदान प्रपत्र सॉफ्टवेयर के माध्यम से 18 जुलाई से प्रिंट किया जा सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारियों से यह भी कहा गया है कि चूंकि इन प्रधान शिक्षकों को 21 जुलाई से योगदान करना है, ऐसे में आवश्यक है कि उसके पूर्व औपबंधिक नियुक्ति पत्र, विद्यालय पदस्थापन पत्र एवं प्रारूप योगदान प्रपत्र का सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रिंटिंग कराना सुनिश्चित किया जाय। इसे ससमय प्रधान शिक्षकों को उपलब्ध कराया जाय।


निर्देश के मुताबिक प्रधान शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को आवंटित विद्यालय में योगदान की तिथि से वेतन देय होगा। योगदान के बाद विभागीय काउंसलिंग पोर्टल पर टेक्निकल ज्वाइनिंग अनिवार्य है। उसमें योगदान की तिथि एवं समय स्पष्ट अंकित होना चाहिये।

Previous Post Next Post