पोर्टल पर फर्जी हाजिरी बनाने वाले दो शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग के एक्शन से मचा हड़कंप

 पोर्टल पर फर्जी हाजिरी बनाने वाले दो शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग के एक्शन से मचा हड़कंप

रोहतास जिले में दो शिक्षकों को विद्यालय से अनुपस्थित रहने और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर गलत उपस्थिति दर्ज करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। नौहट्टा प्रखंड के मध्य विद्यालय लौड़ी के सहायक शिक्षक जलालुद्दीन हजाम और निकिता श्रीवास्तव पर यह कार्रवाई बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। शिक्षकों पर सरकारी राशि के गबन का आरोप है।



विद्यालय से लगातार अनुपस्थित रहने व ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी हाजिरी बनाने के मामले में दो शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

जिन शिक्षकों को निलंबित किया गया है वे नौहट्टा प्रखंड के मध्य विद्यालय लौड़ी के सहायक शिक्षक जलालुद्दीन हजाम तथा निकिता श्रीवास्तव शामिल हैं।

यह कार्रवाई स्थानीय बीईओ के जांच प्रतिवेदन पर हुई है। दोनों निलंबित शिक्षकों का मुख्यालय बीईओ कार्यालय सासाराम बनाया गया है।

निलंबित किए गए शिक्षकों पर लगे आरोपों की जांच के लिए डीपीओ पीएम पोषण तथा नौहट्टा बीईओ को विशेष रूप से अधिकृत किया गया है।

शिक्षकों ने लापरवाही पर नहीं दिया था जवाब 

डीईओ मदन राय ने बताया कि नौहट्टा प्रखंड के मध्य विद्यालय लौड़ी के सहायक शिक्षक जलालुद्दीन हजाम व निकिता श्रीवास्तव के विद्यालय से अनुपस्थित रहने तथा स्कूल पहाड़ पर स्थित होने के कारण घर से ही मार्क ऑन ड्यूटी लगातार ई-शिक्षाकोष पर उपस्थिति दर्ज करने की प्रतिवेदन प्राप्त हुई थी।

दोनों शिक्षकों का यह कार्य वेतन प्राप्त कर सरकारी राशि की गबन तथा सरकारी सेवक कर्तव्य की अवहेलना, मनमानी तथा उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना का परिचायक है। दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी, परंतु उनके द्वारा जवाब उपलब्ध नहीं कराया गया है।

अलग से आरोप पत्र गठित कर विभागीय कार्यवाही संचालित करने के लिए दो सदस्यीय टीम कमेटी बनाई गई है। जांच अधिकारी को एक माह के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

मई माह में लगभग दो सौ ऐसे शिक्षक चिह्नित किए गए, जो विद्यालय से अनुपस्थित रहकर ई-शिक्षाकोष पोर्टल एप पर फर्जी तरीके से उपस्थिति का फोटो अपलोड किए थे। इन शिक्षकों को अगले आदेश तक वेतन स्थगित कर डीईओ ने स्पष्टीकरण की मांग की थी।




Previous Post Next Post