बीईओ 20, डीपीओ 10 और डीईओ 5% स्कूलों को जांचेंगे
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता।
बीईओ 20, डीपीओ 10 और डीईओ पांच फीसदी स्कूलों की जांच करेंगे। सत्र 2025-26 के लिए मुजफ्फरपुर समेत सभी जिलों को स्कूल प्रोफाइल के साथ टीचर प्रोफाइल का डाटा अपलोड करना है। इस डाटा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो, इसे लेकर भौतिक सत्यापन अधिकारी करेंगे। राज्य परियोजना निदेशक मयंक वारवाडे ने 30 सितंबर तक डाटा अपलोड करने का आदेश दिया है।
यू-डायस 2025-26 के अंतर्गत स्कूल और फैसिलिटी प्रोफाइल, टीचर प्रोफाइल, स्टूडेंट प्रोफाइल मॉड्यूल के लिए आंकड़ों की प्रविष्टि का कार्य पोर्टल पर 30 सितंबर तक पूरा कर लेना है। सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सत्र 2025-26 में नामांकित नये बच्चों के आंकड़ों की प्रविष्टि यू-डायस पर स्टूडेंट प्रोफाइल मॉड्यूल के तहत करेंगे। गत वर्ष पोर्टल पर की गई प्रविष्टि का वर्तमान वर्ष के अनुसार कक्षा संशोधन किया जायेगा।
कमरा, पेयजल की स्थिति का होगा भौतिक सत्यापन: आंकड़ों की
प्रविष्टि के बाद कमरों की संख्या, पेयजल, शौचालय, चहारदीवारी, रैम्प, नामांकित बच्चों की संख्या, दिव्यांग बच्चों की संख्या, शिक्षकों की संख्या आदि का भौतिक सत्यापन किया जाना अनिवार्य है। जिला स्तर पर भौतिक सत्यापन संबंधित संभाग प्रभारी द्वारा कराया जायेगा ताकि इन आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रह सके।
स्कूल प्रोफाइल व टीचर प्रोफाइल डाटा करना है अपलोड
गड़बड़ी नहीं हो, इसलिए भौतिक सत्यापन करेंगे अधिकारी
30 सितंबर तक सभी डाटा अपलोड करने का आदेश
डाटा अपलोड करने का दो रुपये प्रति बच्चा मिलेगा
नये नामांकित बच्चों की संख्या और कक्षा प्रमोशन के बाद प्रधानाध्यापक द्वारा प्रमाणपत्र प्रखंड संसाधन केन्द्र में समर्पित किया जायेगा। इसे प्रखंड संसाधन केन्द्र समेकित कर भुगतान के लिए जिला स्तरीय कार्यालय को भेजेगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिलों की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट में यू-डायस के क्रियान्वयन के लिए दो रुपये और चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के लिए तीन रुपये प्रति बच्चा की दर से राशि स्वीकृत है।
निदेशक मयंक वारवाडे ने निर्देश दिया है कि बीईओ अपने प्रखंड के 20%, डीपीओ (एसएसए) 10% और डीईओ जिले के 5% विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेंगे
