556 शिक्षकों पर काररवाई की गाज
पटना। राज्य में 556 शिक्षकों पर काररवाई की गाज गिरी हुई है। इनमें 61 शिक्षक बर्खास्त और 264 शिक्षक निलंबित हैं। 273 शिक्षकों पर डिपार्टमेंटल प्रोसिडिंग चल रही है। 16 शिक्षक दूसरी दंडात्मक काररवाई की चपेट में हैं।
ये आंकड़े 28 जिलों के हैं। शिक्षकों पर काररवाई के आंकड़े अद्यतन करने के निर्देश शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिये गये हैं। शिक्षा विभाग के विशेष सचिव-सह-निदेशक (प्रशासन) सुबोध कुमार चौधरी के हस्ताक्षर से निर्देश सोमवार को जारी हुए हैं। इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारियों से कहा गया है कि सभी जिले में शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन, विभागीय कार्यवाही एवं बर्खास्तगी का अद्यतन डेटा गूगल शीट में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन, विभागीय कार्यवाही एवं बर्खास्तगी के संबंध में समीक्षा विभाग के स्तर पर की जाती है। साथ ही गूगल शीट में सभी जिलों से शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन, विभागीय कार्यवाही एवं बर्खास्तगी की सूचना भी सभी जिलों से मांग की गयी है। इसका अनुश्रवण वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी विभाग द्वारा किया जाता है। अधिकतर जिलों द्वारा गूगल शीट-2 में अपूर्ण सूचना अंकित की गयी है। अररिया, जमुई, नालंदा, पटना, सहरसा, शेखपुरा, सारण, सीतामढ़ी, सुपौल एवं सीवान द्वारा गूगल शीट में कोई भी डेटा अंकित नहीं किया गया है।
इसे गंभीरता से लेते हुए डेटा अद्यतन करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिया गया है। 28 जिलों के उपलब्ध डेटा के मुताबिक अरवल में तीन शिक्षक निलंबित और तीन शिक्षक बर्खास्त हैं। औरंगाबाद में निलंबित शिक्षकों की संख्या 24, विभागीय कार्यवाही वाले शिक्षकों की संख्या तीन और अन्य दंडात्मक काररवाई वाले शिक्षकों की संख्या तीन है। बांका में निलंबित शिक्षकों की संख्या सात है, जिन पर विभागीय कार्यवाही भी चल रही है।
बेगूसराय में आठ शिक्षक निलंबित हैं, जिनमें सात पर विभागीय कार्यवाही चल रही है। भागलपुर में काररवाई की चपेट में पड़े 51 शिक्षकों में 17 निलंबित, दो बर्खास्त, 48 विभागीय कार्यवाही एवं एक अन्य दंडात्मक काररवाई के अधीन हैं। भोजपुर में 15 शिक्षक निलंबित हैं, जिन पर विभागीय कार्यवाही भी चल रही है। काररवाई की चपेट वाले बक्सर के 44 शिक्षकों में 18 बर्खास्त, सात निलंबित, 16 विभागीय कार्यवाही एवं तीन अन्य दंडात्मक काररवाई के अधीन हैं। दरभंगा के 14 शिक्षकों पर काररवाई चल रही है, जिनमें नौ निलंबित, चार विभागीय कार्यवाही एवं एक अन्य दंडात्मक काररवाई के अधीन हैं। गया के 16 शिक्षकों पर काररवाई चल रही है, जिनमें छह निलंबित एवं 10 विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। काररवाई की चपेट वाले पूर्वी चंपारण के 25 शिक्षकों में छह निलंबित, सात बर्खास्त एवं 12 विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। गोपालगंज के छह शिक्षक निलंबित एवं 12 विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं।
जहानाबाद के चार शिक्षक निलंबित एवं एक विभागीय कार्यवाही केअधीन हैं। काररवाई की चपेट में चल रहे खगड़िया के 15 शिक्षकों में आठ निलंबित, छह विभागीय कार्यवाही के अधीन एवं एक अन्य दंडात्मक काररवाई के अधीन हैं। किशनगंज के 13 शिक्षक काररवाई की चपेट में चल रहे हैं, जिनमें पांच निलंबित, पांच बर्खास्त एवं तीन विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। कैमूर में 19 शिक्षक निलंबित एवं एक विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। कटिहार में काररवाई की चपेट में चल रहे 23शिक्षकों में 16 बर्खास्त, तीन निलंबित एवं सात विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं।
लखीसराय के तीन शिक्षक निलंबित एवं एक विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। मधुबनी के पांच शिक्षक निलंबित एवं सात विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। मुंगेर में 31 शिक्षकों पर काररवाई हुई है, जिनमें 27 निलंबित, दो बर्खास्त, एक विभागीय कार्यवाही एवं एक अन्य दंडात्मक काररवाई के अधीन हैं। मधेपुरा के 21शिक्षक निलंबित एवं 14 विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। काररवाई की चपेट में चल रहे मुजफ्फरपुर के 23 शिक्षकों में आठ निलंबित, तीन बर्खास्त, आठ विभागीय कार्यवाही एवं चार अन्य दंडात्मक काररवाई के अधीन हैं। नालंदा के एक शिक्षक निलंबित हैं। नवादा में छह शिक्षकों पर विभागीय कार्यवाही चल रही है, जिनमें पांच निलंबित हैं। पूर्णिया के 11 शिक्षक निलंबित एवं आठ विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। रोहतास के दो शिक्षक निलंबित, एक विभागीय कार्यवाही एवं एक अन्य काररवाई के अधीन हैं। समस्तीपुर के 23 शिक्षक निलंबित, एक बर्खास्त एवं सात विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। शिवहर के एक शिक्षक बर्खास्त एवं दो विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। वैशाली के तीन शिक्षक बर्खास्त, तीन निलंबित एवं 22 विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं। पश्चिम चंपारण में काररवाई की चपेट में चल रहे 52 शिक्षकों में आठ निलंबित एवं 44 विभागीय कार्यवाही के अधीन हैं।
