इटावा में एक शिक्षक की दूसरी शादी को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
शिक्षक की दूसरी शादी को लेकर मचा बवाल
इटावा:जिले के भरथना कोतवाली क्षेत्र में कल गुरुवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब एक शिक्षक की कथित दूसरी शादी को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब ताखा ब्लॉक में तैनात बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक अंकुर यादव द्वारा अपनी मामा की बेटी से कथित रूप से दूसरी शादी करने की खबर उनकी पहली पत्नी को लगी।
पहली पत्नी ने परिजनों के साथ किया विरोध
जैसे ही पहली पत्नी को अपने पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली, वह अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंच गईं। वहां दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई और लाठी-डंडों की हिंसा में बदल गई। मौके पर लात-घूंसे चले और महिला सदस्य भी चोटिल हुईं।
पीड़िता के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के भाई मुकुल यादव ने बताया कि जब वह अपनी बहन और मां के साथ बात करने गए थे, तो अंकुर यादव के परिवार ने उन पर हमला कर दिया। मुकुल का आरोप है कि अंकुर यादव ने शादी के एक महीने बाद से ही मकान निर्माण के लिए दहेज स्वरूप पैसे मांगने शुरू कर दिए थे। उन्होंने यह भी बताया कि अंकुर पहले से ही तलाक के लिए न्यायालय में याचिका दाखिल कर चुका है, लेकिन फैसला आने से पहले ही उसने दूसरी शादी कर ली।
घटना में कई लोग घायल
हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले भरथना सीएचसी और फिर प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल इटावा रेफर कर दिया गया। कई घायलों के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं।
थाना प्रभारी बोले—शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट और महिलाओं के चीखने-चिल्लाने की आवाजें साफ सुनी जा सकती हैं। भरथना थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
