पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। शिक्षा विभाग ने राज्य में स्कूली बच्चों को मोबाइल छुड़ा कर उन्हें किताबों की ओर लौटाने का अभियान शुरू किया है। बच्चे के लिए शिक्षा विभाग ने नारा दिया है कि स्क्रीन से हटाओ ध्यान, किताबों से बढ़ाओ ज्ञान, खेलो, कूदो और बनो महान।
इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करने का निर्देश शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बुधवार को अधिकारियों को बैठक में दिया। अभियान के तहत शिक्षक और अभिभावक बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया के उपयोग के फायदे और नुकसान बताएंगे। बच्चों को बताया जाएगा कि मोबाइल का उपयोग समझदारी से करना है, क्योंकि इसके
फायदे और नुकसान दोनों हैं। इससे हमें नवीनतम समाचार, शैक्षणिक सामग्री और महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। इसका उपयोग रचनात्मकता, तकनीकी ज्ञान और समस्या समाधान कौशल बढ़ाने में करना चाहिए। इससे खेल और गलत चीजें बुरे शब्द, हिंसा, अश्लीलता और नशीली चीजें देखने और सुनने से गलत प्रभाव पड़ सकता है।