संसू, जागरण वजीरगंज (गया):
प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय पतहुला की शिक्षिका संगीता कुमारी बीते गुरुवार की सुबह गया से विद्यालय जाने के क्रम में बाइक दुर्घटना में घायल हो गई थीं। उनका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा था जहां शुक्रवार की देर रात उनकी मौत हो गईं। उनके पति प्रमोद कुमार उर्फ मनोज भी शिक्षक हैं जो प्राथमिक विद्यालय टोटही में कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह उनके पार्थिव शरीर पैतृक गांव रुदई लाकर अंत्येष्टि की गई, जिन्हें मुखाग्नि शिक्षक पति प्रमोद कुमार ने दी। उनके निधन की सूचना पर पूरे प्रखंड क्षेत्र के शिक्षक समुदाय सहित आस-पास के ग्रामीणों के बीच मातम छा गया। उनकी अंत्येष्टि में शिक्षक संघ के उमेश कुमार, राकेश कुमार, कमरुल खान, डा. रविन्द्र कुमार सिंह रवि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैलाश पाल, समाजसेवी अमरीश कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंत्येष्टि स्थल पर शिक्षक संघ ने सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि दी। बता दें कि शिक्षिका पति के साथ बाइक पर सवार होकर गया से
विद्यालय जा रही थीं। रास्ते में उनका दुपट्टा बाइक के पहिए फंस गया जिसके वे सड़क पर गिरकर अचेत हो गई थीं। इलाज के लिए पहले गया के एम्स में भर्ती कराया गया लेकिन नाजुक स्थिति को देखते हुए वहां से रेफर कर दिया गया था। स्वजन ने रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन वे जिंदगी की जंग शुक्रवार की रात हार गई।