क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक के पदों पर शिक्षा सेवा के अफसर होंगे तैनात

 राज्य ब्यूरो, जागरण पटना: प्रदेश के सभी प्रमंडलों में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक (आरडीडीई) के पदों पर बिहार शिक्षा सेवा के प्रशासन उप संवर्ग के अधिकारियों की तैनाती होगी। इससे संबंधित निर्देश शिक्षा मंत्री सुनील कुमार द्वारा बुधवार को अधिकारियों को दिया गया।


वर्तमान में सभी नौ प्रमंडलों में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक के पदों पर अतिरिक्त प्रभार के रूप में संबंधित प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव तैनात हैं, जो बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, जबकि बिहार शिक्षा सेवा नियमावली, 2014 के मुताबिक क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक का पद बिहार शिक्षा सेवा के प्रशासन उप संवर्ग के अधिकारियों की तीसरी प्रोन्नति का पद है। क्षेत्रीय शिक्षा



उप निदेशक को शिक्षा के कमिश्नर के रूप में भी संबोधित किया जाता है। हर प्रमंडल में पड़ने वाले सभी जिला शिक्षा कार्यालय सहित शिक्षा के अन्य कार्यालयों के सर्वेसर्वा होते हैं। पर, नवंबर, 2023 में जब केके पाठक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव थे, तब क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक का पद बिहार शिक्षा सेवा के प्रशासन उप संवर्ग के अधिकारियों से छिनता चला गया। हर क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक की सेवानिवृत्ति के बाद यह पद संबंधित प्रमंडलों के प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में चला गया। परिणाम यह हुआ कि वर्तमान में किसी भी प्रमंडल में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक के पद पर बिहार शिक्षा सेवा के प्रशासन उप संवर्ग के अधिकारी पदस्थापित नहीं हैं।

Previous Post Next Post