हर रोज पटना के 11% स्कूल नहीं भेज रहे एमडीएम की रिपोर्ट

 पटना, कार्यालय संवाददाता।


मध्याह्न भोजन योजना की जानकारी देने में स्कूलों की ओर से सुस्ती बरती जा रही है। जिले के सभी स्कूलों को प्रतिदिन कितने बच्चों का भोजन बना, कितना भोजन बना, क्या बना कितने बच्चों को भोजन परोसा गया, इसकी जानकारी नियमित रूप से देने का नियम है। लेकिन, पटना जिले में मध्याह्न भोजन योजना से आच्छादित करीब 11% स्कूलों में लापरवाही बरते जाने का मामला सामने आया है।


मालूम हो कि पटना जिले में करीब 3 हजार 113 स्कूल ऐसे हैं जो योजना से आच्छादित हो रहे हैं। लेकिन इनमें से प्रतिदिन 300 से अधिक स्कूल एमडीएम की रिपोर्ट नहीं देते। यह बातें शिक्षा मंत्रालय की पीएम पोषण शक्ति योजना की रिपोर्ट से सामने आई है। मई में अवकाश के दिनों को छोड़ दिया जाए तो 18 दिनों में हर दिन करीब 342 स्कूल भोजन परोसे जाने की रिपोर्ट नहीं दी है।


शिक्षा मंत्रालय ने भी जताई नाराजगी शिक्षा मंत्रालय की ओर से हाल में ही राज्य शिक्षा विभाग, पीएम पोषण योजना के नोडल के साथ हुई बैठक में जो आंकड़े सामने आए उनमें



राज्य के 88% ही स्कूलों की ओर से नियमित एमडीएम की रिपोर्ट देने की बात सामने आई। शेष स्कूलों की ओर से लापरवाही बरते जाने के मामले को लेकर केन्द्र ने नाराजगी जताई। केन्द्र ने राज्य को सलाह दी कि वह सभी स्कूल कार्य दिवसों पर 100% स्कूलों द्वारा एसएमएस पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। और प्राथमिकता के आधार पर आंकड़ों का मिलान करें।


सूबे में कुल 10.99% स्कूल नहीं दे रहे रिपोर्ट


पटना जिला ही नहीं बल्कि राज्य के अन्य जिलों का भी हाल ठीक नहीं है। रिपोर्ट बताती है कि राज्यभर में 10.99% स्कूल प्रतिदिन एमडीएम की रिपोर्ट नहीं दे रहे। मालूम हो कि राज्य में 65961 स्कूल मध्याह्न भोजन योजना से लाभान्वित हो रहे। इनमें से 7 हजार से अधिक स्कूल हर दिन स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना दिए जाने को लेकर रिपोर्ट नहीं दे रहे।

Previous Post Next Post