7351 महिला शिक्षकों के दूरी के आधार पर अंतर जिला तबादले

 शिक्षा विभाग ने बुधवार देर शाम दूरी के आधार पर पुरानी नियमित 91 और सक्षमता परीक्षा पास 7260 समेत कुल 7351 महिला शिक्षकों का अंतर जिला स्थानांतरण किया है. इनको स्कूल का आवंटन 25-30 अप्रैल के बीच होगा. इसके आदेश प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने जारी किये हैं. पत्र के अनुसार पटना जिले को छोड़कर अन्य जिलों में तबादला उनके दिये विकल्प वाले जिले में हुआ है. पत्र में शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि पटना जिले में पहले से अधिक शिक्षक हैं. इसलिए पटना जिले का विकल्प वाले 6772 आवेदनों पर बाद में विचार होगा. यह ऐच्छिक स्थानांतरण होगा.



वरीयता नये जिले में पदस्थापन के बाद तय होगी. भविष्य में छात्र-शिक्षक अनुपात में तबादले होंगे. इन स्थानांतरण में स्थानीय निकाय के शिक्षको के तबादले नहीं किये गये हैं. शिक्षकों को इ-शिक्षा कोष पोर्टल पर दो शपथपत्र अपलोड करना होगा. शपथपत्र नहीं देने वालों को विद्यालय आवंटन नहीं होगा. उन्हें शपथपत्र देना होगा कि आवेदन के साथ उनके द्वारा दी गयी सारी जानकारी सही है. किसी प्रकार की गलत सूचना दी गयी है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई होगी. दूसरा शपथपत्र देना है कि शिक्षकों को जिला आवंटित कर दिया है, जिसे वे स्वीकार करते हैं.

Previous Post Next Post