जागरण संवाददाता, बांका। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस: सिद्धार्थ की सोमवार को वीडियो काल से स्कूल जांच के दौरान मिली गड़बड़ी के बाद जिला में भी गुरुजी की निगरानी बढ़ा दी गई है।
सोमवार को मार्निंग स्कूल के पहले ही दिन बांका में बड़ी संख्या में शिक्षकों पर कार्रवाई की गाज गिर गई है। मार्निंग में विद्यालय पहुंचने का समय 6:30 बजे है, लेकिन पहले ही दिन जिला के 2208 सरकारी विद्यालयों में 469 शिक्षक आधा घंटा से भी अधिक देरी यानी सात बजे के बाद विद्यालय पहुंचे।
24 घंटे के अंदर मांगा गया जवाब
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुंदन कुमार ने इन सभी शिक्षकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण पूछा है। सभी शिक्षक विद्यालय अवधि के बाद डीईओ कार्यालय पहुंचकर विलंब से विद्यालय पहुंचने का कारण स्पष्ट करेंगे।
इन शिक्षकों से बेलहर और बांका बीईओ ने भी अलग-अलग स्पष्टीकरण जारी कर देरी से विद्यालय पहुंचने का जवाब मांगा है।
स्पष्टीकरण का साफ-साफ जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों पर वेतन कटौती जैसी अन्य कार्रवाई की जाएगी।
इन शिक्षकों को किया गया चिह्नित
इसके अलावा सोमवार को ई शिक्षा कोष पर ऑनलाइन हाजिरी नहीं बनाने वाले 166 शिक्षकों को भी विभाग ने चिह्नित किया है। इनकी हाजिरी देर शाम तक ई शिक्षा कोष पोर्टल पर सिंक नहीं दिख रही है।
सुबह तक इसकी संख्या कुछ कम भी हो सकती है। इसके बाद अंतिम डाटा प्राप्त होने के बाद इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
योगदान के दो माह बाद भी विशिष्ट शारीरिक शिक्षकों को नहीं मिला वेतन
हाजीपुर में विशिष्ट शारीरिक शिक्षा शिक्षकों द्वारा योगदान के बावजूद वेतन भुगतान नहीं हो पाया है। योगदान के दो महीने बीत जाने के बाद भी वेतन भुगतान नहीं होने से ये विशिष्ट शिक्षक परेशान हैं।
इस संंबंध में विशिष्ट शारीरिक शिक्षकों ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना को शीघ्र वेतन भुगतान के लिए आवेदन दिया है।
आवेदन में बताया गया है कि सक्षमता 01 उत्तीर्ण शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का विशिष्ट शिक्षक के पद पर योगदान 1 जनवरी 2025 से 7 जनवरी 2025 तक हुई है।
तकनीकी योगदान के पश्चात सभी विशिष्ट शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का प्राण नंबर भी जारी किया जा चुका है। प्राण नंबर जारी होने के दो माह हो चुका है।
वैशाली जिला के सभी विशिष्ट शारीरिक शिक्षा शिक्षक का एचआरएमएस एवं वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके पूर्व भी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को इस संबंध में आवेदन दिया जा चुका है।
इसके साथ ही 25 मार्च को शिक्षा विभाग के सचिव द्वारा भी सक्षमता 01 उत्तीर्ण विशिष्ट शिक्षकों का वेतन भुगतान हेतु त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
