शिक्षक छुड़ायेंगे बच्चों को मोबाइल की लत

शिक्षक छुड़ायेंगे बच्चों को मोबाइल की लत

 पटना। राज्य राज्य में स्कूली बच्चों को मोबाइल छुड़ाने एवं उन्हें किताबों की ओर लौटाने का अभियान शुरू हुआ है। इस अभियान के तहत शिक्षक समझदारी से बच्चों को मोबाइल की लत छुड़ायेंगे। इसमें अभिभावकों की भी भूमिका होगी। यह मुहिम शिक्षा विभाग ने शुरू की है। बच्चों के लिए शिक्षा विभाग ने यह नारा दिया है कि स्क्रीन से हटाओ ध्यान, किताबों से बढ़ाओ ज्ञान, खेलो, कूदो, बनो महान।


इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करने का निर्देश शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक में दिया। अभियान में शिक्षकों एवं अभिभवाकों की भूमिका तय हुई है, जो बच्चों को



मोबाइल और सोशल मीडिया के उपयोग के फायदे एवं नुकसान के बारे में बतायेंगे। उन्हें यह बताया जायेगा कि मोबाइल और सोशल मीडिया का समझदारी से उपयोग करना चाहिये, क्योंकि इसके अपने फायदे और नुकसान दोनों हैं।


इसके लिए मोबाइल और सोशल मीडिया के फायदे एवं नुकसान गिनाये गये हैं। इसके फायदे यह हैं कि इसने दुनिया भर में लोगों के साथ जुड़े रहना आसान बना दिया है। ये उपकरण हमें नवीनतम समाचार, शैक्षिक सामग्री और महत्वपूर्ण अपडेट प्राप्त करने में मदद करते हैं। संगीत, फिल्में, खेल और विभिन्न प्रकार के मनोरंजन कंटेंट हम तक पहुंचाते हैं। समान विचारधारा वाले लोगों से जुड़ने, रुचियों को साझा करने


और चर्चाओं में भाग लेने के लिए मंच प्रदान करता है। इससे रचनात्मकता, तकनीकी ज्ञान और समस्या समाधान कौशल बढ़ा सकते हैं।


मोबाइल और सोशल मीडिया से होने वाले फायदे से कहीं ज्यादा इससे होने वाले नुकसान हैं। इससे खेल और पढ़ाई जैसी अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों के लिए समय कम हो जाता है। जानकारी साझा करने से डिजिटल व साइबर अपराध की संभावना बढ़ जाती है। अजनबी नाम, पता और स्कूल के बारे में जानकारी हासिल कर लेते हैं। इससे सुरक्षा को खतरा हो सकता है। आसानी से झूठी खबरों और अफवाहों का शिकार हो सकते हैं। इससे भ्रम और गलतफहमियां उत्पन्न हो सकती हैं। दूसरों की आकर्षक और चमकदार जीवन


शैली देख कर कभी-कभी अपने जीवन के प्रति असंतोष पैदा हो सकता है। यह भावनात्मक तनाव और आत्मविश्वास में कमी का कारण बन सकता है। अधिक समय तक स्क्रीन पर नजर गड़ाये रखने से मोटापा, आंखों में समस्या और नींद में बाधा जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। सोशल मीडिया पर गलत चीजें जैसे बुरे शब्द, हिंसा, अश्लीलता (पोर्नोग्राफी) और नशीली चीजें देखने और सुनने से गलत प्रभाव पड़ सकता है, गलत रास्ते पर जा सकते हैं। ऑनलाइन दुर्व्यवहार और उत्पीड़न मानसिक और भावनात्मक कल्याण को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकते हैं। बेचैनी, चिंता एवं कुछ छूट जाने का डर हो सकता है। यह मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post