नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता/ एजेंसी। उत्तर भारत में अभी ठंड का सितम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने तीन से छह जनवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में ठंड और बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रह सकता है, जबकि चार से छह जनवरी के दौरान मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली में रहा कोहरा : दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बुधवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा है। एक दिन पहले की तुलना में न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
कई जगहों पर शीत दिवस की स्थिति : मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने और अधिकतम तापमान के सामान्य से साढ़े चार डिग्री कम होने पर उसे शीत दिवस या कोल्ड डे की स्थिति माना जाता है। दिल्ली के पालम, लोधी रोड, नजफगढ़, नरेला और पूसा क्षेत्र में बुधवार को कोल्ड डे की स्थिति रही। इन स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री से लेकर छह डिग्री तक कम रहा।
पालम सबसे ठंडा : दिल्ली में सबसे ज्यादा ठंड पालम इलाके में महसूस की गई। यहां अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री रहा। पांच सालों में इस वर्ष एक जनवरी को दिन के समय सबसे ज्यादा ठंड रही। अधिकतम तापमान 15 डिग्री रहा। इससे पहले 2020 में अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री रहा था।
घना कोहरा छाने के आसार : मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घने से बेहद घना कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की गति आठ से 14 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है। मौसम विभाग ने मौसम की इन गतिविधियों के चलते गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वर्ष 2024 सबसे गर्म
वर्ष 2024 भारत में 1901 के बाद से सबसे गर्म वर्ष रहा। इस दौरान औसत न्यूनतम तापमान दीर्घावधि औसत से 0.90 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग ने कहा कि 2024 में पूरे भारत में वार्षिक औसत भूमि सतही वायु तापमान दीर्घकालिक औसत (1991-2020 अवधि) से 0.65 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
जनवरी गर्म रहेगी
मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि पूर्वी, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य क्षेत्रों के कुछ इलाकों को छोड़कर जनवरी में देश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी भारत तथा दक्षिणी प्रायद्वीप को छोड़कर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।